Monday, 13 July 2015

अमित शाह के कार्यक्रम में पहुंचे अतिथि शिक्षक, किया प्रदर्शन

हरियाणा अतिथि अध्यापक संघ के बैनर तले रविवार को गेस्ट टीचर्स ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया। हरियाणा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने मांग की सालों से सेवा दे रहे शिक्षकों को नियमित किया जाए। वहीं, कुछ प्रदर्शनकारी अचानक सिविक सेंटर पर पहुंच गए, जहां भाजपा अध्यक्ष अमित शाह एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। इससे प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया। हालांकि यहां उनकी मुलाकात अमित शाह से नहीं हो सकी। लेकिन नारों के जरिये अतिथि शिक्षकों ने वहां अपनी आवाज बुलंद की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस प्रदर्शनकारियों को मौके से हटा सकी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बगैर मांग पूरी हुए वह दिल्ली से वापस नहीं लौटेंगे। अतिथि शिक्षकों का कहना है कि हरियाणा में चुनाव से पहले भाजपा ने वादा किया था कि अतिथि शिक्षकों को नियमित किया जाएगा। वहीं, तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष व फिलहाल प्रदेश सरकार के शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने मुलाकात कर भरोसा दिलाया था कि सरकार बनने पर संघ की मांगों पर काम होगा, लेकिन सरकार बनने के बाद भाजपा अपना वादा भूल गई।
शिक्षक संघ प्रवक्ता अजय लोहान के मुताबिक, मई के आखिर में उनकी मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री से मुलाकात हुई थी। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया था कि 15 जून तक इस मामले में उपयुक्त ऐलान करेंगे, लेकिन इससे पहले ही प्रदेश सरकार ने करीब चार हजार अतिथि शिक्षकों को हटा दिया। लोहान ने बताया कि महेंद्रगढ़ में अतिथि शिक्षक आमरण अनशन बैठे हैं। वहीं, जंतर मंतर पर भी आंदोलन शुरू हो रहा है। बगैर मांग पूरी हुए हम वापस नहीं जाएंगे।
प्रदर्शन कर रहे अतिथि शिक्षकों ने हरियाणा सरकार पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
पुलिस ने वापस जंतर मंतर पहुंचाया, प्रदर्शनकारियों ने जमकर की नारेबाजी

नई दिल्ली : नियमित करने की मांग को लेकर शनिवार से ही दिल्ली में आंदोलन कर रहे हरियाणा के गेस्ट टीचरों ने रविवार को दिल्ली पुलिस और खुफिया विभाग को खूब छकाया। पहले अचानक सैकड़ों की संख्या में जंतर-मंतर से नगर निगम उत्तरी व दक्षिणी के मुख्यालय श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर पर धावा बोल दिया और वहां इमारत के बाहर सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। बाद में जंतर-मंतर वापस लौटने को कह कर निकले गेस्ट टीचर कनॉट प्लेस में घुस गए, इस दौरान कनॉट प्लेस में प्रदर्शन के दौरान गेस्ट टीचर अर्धनग्न अवस्था में थे। खास बात कि जिस समय हरियाणा के गेस्ट टीचर सिविक सेंटर के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे थे, उस वक्त भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सिविक सेंटर में ही हरियाणा व दिल्ली समेत आठ उत्तरी राज्यों की पार्टी समीक्षा बैठक ले रहे थे। बैठक में हरियाणा भाजपा के कई प्रदेश पदाधिकारी भी मौजूद रहे। गेस्ट टीचर अंदर जाकर शाह को अपनी बात कहना चाह रहे थे, लेकिन सुरक्षाकर्मी किसी प्रकार उनको मनाने में सफल रहे। हालांकि, रविवार की वजह से दिल्ली की सड़कों पर वाहनों की तादात कम रही।


No comments:

Post a Comment